उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भी गिरफ्तारी की खबर है।

खबरों के मुताबिक, लखनऊ में कांग्रेस पार्टी के कार्यालय पर पहले पुलिस ने लाठीचार्ज किया और फिर इन्हें गिरफ्तार करके ले गई। गौरतलब है कि कल यूपी कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम को अवैध तरीके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जिसका कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लल्लू का कहना है कि शाह आलम का न तो एफआईआर में नाम है और न ही चार्जशीट में फिर भी उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह सरकार विरोध की आवाज को दबाना चाहती है।

कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी के बाद यूपी कांग्रेस के सभी बड़े नेता योगी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर गए हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के गेट पर रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और आराधना मिश्रा मोना सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने योगी सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लल्लू का कहना है कि शाह आलम का न तो एफआईआर में नाम है और न ही चार्जशीट में फिर भी उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। यह सरकार विरोध की आवाज को दबाना चाहती है लेकिन हम कह देते हैं वो कितना भी दमन कर ले कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है।
बता दें कि शाहनवाज आलम को हजरतगंज पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया था। इसकी सूचना पर सोमवार देर रात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, कांग्रेस विधान मंडल की नेता आराधना मिश्रा मोना, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान समेत तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसे लेकर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज भी किया। इसी गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार सुबह भी प्रदर्शन करने जा रहे थे कि पार्टी कार्यालय के बाहर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
वहीं कांग्रेस नेता अजय राय ने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘जब जब योगी डरता है, पुलिस को आगे करता है! कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी को और विधायक दल नेता श्री आराधना मिश्रा जी को गिरफ्तार करना योगी सरकार की विफलता का जीता जागता सबूत है! कांग्रेस के सभी सिपाहियों को अति शीघ्र रिहा किया जाए !’