अस्पताल में भर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
विवादित टिप्पणी मामले में रायपुर पुलिस ने संबित पात्रा को तीसरी बार नोटिस जारी किया है। रायपुर पुलिस ने उन्हें 8 जून को पुलिस के सामने उपस्थित होने को कहा है। बता दें कि, इससे पहले रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ 20 मई और 2 जून को नोटिस जारी किया था, लेकिन वे दोनों ही बार उपस्थित नहीं हुए थे।

दरअसल, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूर्व पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू और राजीव गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। उस टिप्पणी को उन्होंने ट्वीटर पर पोस्ट भी किया था। उसके बाद कांग्रेस आक्रामक हो गई थी। एनएसयूआई के नेताओं ने इसे लेकर रायपुर से सिविल लाइन्स थाने में संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोप था कि संबित ने बिना किसी सबूत के पूर्व पीएम पर झूठे आरोप लगाए हैं। साथ ही वह कोरोना महामारी के बीच अफवाह फैला रहे हैं। इसी मामले में पूछताछ को लेकर संबित पात्रा के खिलाफ रायपुर पुलिस की तरफ से नोटिस जारी किया है।

संबित ने टिप्पणी 10 मई को की थी। केस दर्ज होने के बाद रायपुर पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर 19 मई को पहली बार उपस्थित होने के लिए कहा था। उसके बाद दूसरी नोटिस में उन्हें 2 जून को पेश होने को कहा गया था। उससे पहले संबित पात्रा की तबीयत बिगड़ गई और वह अस्पताल में भर्ती हो गए। अब तीसरी नोटिस में संबित को रायपुर पुलिस ने 8 जून को पेश होने के लिए कहा है। अब देखने वाली बात है कि वे इस बार उपस्थित होते हैं कि नही।

बता दें कि, संबित पात्रा में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण पाए जाने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उनके स्वास्थ्य को लेकर बाद में मीडिया में कोई खबर नहीं आई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा अक्सर अपने ट्वीट व बयानों को लेकर विवादों में रहते है। कई बार उन्हें सोशल मीडिया पर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here