अक्सर अपने बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अगर रात दो बजे भाजपा कार्यकर्ता पत्ते खेलते हुए पकड़े जाते हैं तो वो खुद रात को थाने फोन कर उन्हें छुड़ाते हैं। उनका ये वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस लगातार हमलावर है।

वायरल हो रहे वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहते हैं, “मुझे रात को कार्यकर्ताओं का फोन आता है, चाहे मैं कोलकत्ता में रहूं या यहां, आधी रात को अगर भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस पकड़ ले तो वो मुझे फोन करते हैं। मैं थाने फोन कर उन्हें छुड़ना पड़ता है। मैं तो रात को 2 बजे खुद फोन उठाता हूं किसी कार्यकर्ता का फोन आए तो रात को 2 बजे थाने में फोन करता हूं। कहता हूं- देख लेना भैय्या, अपना कार्यकर्ता है। ये करना पड़ता है।

कैलाश विजयवर्गीय का ये वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस लगातार हमलावर है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर पूछा कि क्या भाजपा कार्यकर्ता रात 2-2 बजे तक पत्ते खेलते है? उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “मोदी जी-शाह जी ये कैसी भाजपा, ये कैसा सिस्टम, ये कैसी सोच, ये कैसा नया भारत? ज़िम्मेदार नेतृत्व, कार्यकर्ताओं को पत्ते खेलते हुए पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर थाने फ़ोन कर छुड़ाते है, ख़ुद सच्चाई बया कर रहे है। समाज में क्या संदेश दे रहे है आप, कार्यकर्ता की क्या पहचान बता रहे है आप?”

इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने ये भी दावा किया कि मध्य प्रदेश में 24 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा ही जीतेगी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान बंगाल में अमित शाह की वर्चुअल रैली को 2 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से देखा और सुना। यह रिकॉर्ड है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here