हमेशा अपने बयानों को लेकर मीडिया की सुर्खियों में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों का नाम भ्रष्टाचार से जोड़कर उनके फोटो ट्विटर पर पोस्ट करने के आरोप में चौतरफा घिर गए हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बाद अब राजस्थान में भी मामला दर्ज किया गया है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद संबित पात्रा पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक सकती है। भाजपा प्रवक्ता पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी और स्व. जवाहर लाल नेहरू एवं कांग्रेस पार्टी के खिलाफ ट्विटर पर अपमानजनक एवं अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है।

बता दें कि, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने हाल ही में मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए गए एक ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रयां दी थी। दरअसल, पिछले दिनों मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्वीट में लिखा था, “आज देश में कांग्रेस सरकार होती तो- हम टेस्ट, उपचार, व्यवस्था, राहत, मदद और तकनीकी में दुनिया में सबसे आगे होते।”

भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा के इस विवादित ट्वीट के बाद सबसे पहले उनके खिलाफ दिल्ली के पर्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज कराया गया था। उसके बाद छत्तीसगढ़ के रायपुर और अब राजस्थान में मामला दर्ज हुआ है। राजस्थान के हनुमानगढ़ सदर थाने में संबित पात्रा के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। यह मामला राजस्थान प्रदेश युवक कांग्रेस के सेक्रेटरी हरप्रीत सिंह ढिल्लन ने दर्ज कराया है।

बता दें कि, संबित पात्रा में कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण पाए जाने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उनके स्वास्थ्य को लेकर बाद में मीडिया में कोई खबर नहीं आई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा अक्सर अपने ट्वीट व बयानों को लेकर विवादों में रहते है। कई बार उन्हें सोशल मीडिया पर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here